लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश बना सतपुली का पूर्व छात्र मिलन समारोह…
सतपुली। पौड़ी जिले के सतपुली में आयोजित पूर्व छात्र मिलन समारोह इस बार सिर्फ एक मिलन कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि यह लोक संस्कृति, सामाजिक एकता और सामूहिक विकास का संदेश देने वाला मंच बन गया।
रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व छात्र और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक गजेंद्र राणा, मंगलेश डंगवाल और विवेक नौटियाल ने अपने गीतों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन पुराने रिश्तों को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं। उन्होंने युवाओं से क्षेत्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पल तब आया, जब ‘दिशा ध्याणी’ बेटियों को मंच पर सम्मानित किया गया। कुल 263 बेटियों को सम्मानित कर उनके प्रयासों और उपलब्धियों को सराहा गया।
आयोजकों ने कहा कि बेटियों को सम्मानित करना समाज में समानता और सशक्तिकरण का प्रतीक है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन की सराहना की।