सितारगंज में तहसील दिवस का आयोजन, अधिकारियों ने सुनीं जनसमस्याएं…
सितारगंज के अग्रसेन ट्रस्ट परिसर में आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिनेश शाशमी और एसडीएम तुसार सैनी ने मौजूद रहकर लोगों की शिकायतों का समाधान किया।
तहसील दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे मौके पर ही कई समस्याओं का निस्तारण संभव हो पाया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें राजस्व, बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह और ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल भी मौजूद रहे। उन्होंने भी आम जनता के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया।
सीडीओ दिनेश शाशमी ने बताया कि कई समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया है, जबकि 48 शिकायतों को विभिन्न विभागों को जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि तिरंगा चौक की गोलाई को छोटा किया गया है, जिससे यातायात जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी, तहसीलदार हिमांशु जोशी और कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।