नगर निगम की पहल लाई रंग, देहरादून में बंदरों की समस्या में आई बड़ी कमी
देहरादून: देहरादून में बंदरों की बढ़ती समस्या पर नियंत्रण पाने के लिए नगर निगम द्वारा शुरू किया गया विशेष अभियान सफल साबित हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में बंदरों से जुड़ी शिकायतों में करीब 90 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इससे शहर के कई इलाकों में लोगों को बड़ी राहत मिली है।
नगर निगम के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वी.के. अग्रवाल ने बताया कि मार्च 2026 से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान प्रशिक्षित टीम बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उन्हें जंगलों में छोड़ रही है, ताकि आबादी वाले क्षेत्रों में उनका दबाव कम हो सके।
उन्होंने बताया कि अभियान केवल शिकायत मिलने पर ही नहीं, बल्कि नियमित निगरानी के आधार पर भी संचालित किया जाता है। टीम हर महीने कई दौरों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचती है और लगातार कार्रवाई करती है।
अधिकारियों के अनुसार, रेलवे स्टेशन, हनुमान चौक और खुरबुड़ा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान के सबसे बेहतर परिणाम मिले हैं। यहां अब बंदरों के कारण होने वाली घटनाएं पहले की तुलना में काफी कम हो गई हैं।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में बंदरों की संख्या बढ़ती दिखाई दे तो तुरंत निगम को सूचना दें। इससे टीम समय रहते कार्रवाई कर सकेगी और समस्या को बढ़ने से रोका जा सकेगा।