रामनगर में पेपर लीक के विरोध में सड़क पर उतरे सामाजिक कार्यकर्ता, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
रामनगर: देशभर में सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों को लेकर रामनगर में सामाजिक संगठन नेकी की दीवार के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। संगठन के संयोजक तारा चंद्र घिल्डियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बार-बार सामने आने वाले कथित पेपर लीक मामलों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का मनोबल टूट रहा है। उनका कहना था कि लाखों अभ्यर्थी वर्षों की मेहनत के बावजूद अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं, जिससे भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने सरकार से ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अनशन स्थल से हटाए जाने की घटना पर भी विरोध जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय बताया।
प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम रामनगर को सौंपा गया। संगठन ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।