सरिता देवी की मौत पर थराली में फूटा जनाक्रोश, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग तेज
चमोली: चमोली जिले के थराली क्षेत्र में गर्भवती महिला सरिता देवी की 108 एंबुलेंस में हुई मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर लोगों का गुस्सा सामने आ गया है। प्रधान संगठन थराली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने सीएचसी थराली के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि यदि अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होतीं तो ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सकता था।
प्रधान संगठन ने उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत के माध्यम से मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य निदेशक को ज्ञापन सौंपा। इसमें सरिता देवी की मौत की उच्चस्तरीय जांच, पीड़ित परिवार को मुआवजा और अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, स्टाफ नर्सों की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड मशीन और 24 घंटे सुरक्षित प्रसव सेवाएं शुरू करने की मांग की गई। संगठन ने साफ किया कि 45 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।