कांवड़ यात्रा से पहले रोपवे की होगी पूरी जांच, सुरक्षा मानकों पर रहेगा विशेष फोकस
सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर के रोपवे का विशेष मेंटेनेंस शुरू किया जा रहा है। रोपवे संचालन कंपनी उषा ब्रेको ने निर्धारित तिथियों में सेवा बंद रखने की घोषणा की है।
कंपनी के मुताबिक 8 से 11 जुलाई तक मनसा देवी और 13 से 16 जुलाई तक चंडी देवी रोपवे बंद रहेगा। इस दौरान रोपवे की तकनीकी जांच, सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण और आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे।
हर वर्ष कांवड़ मेले से पहले रोपवे का अर्धवार्षिक मेंटेनेंस किया जाता है ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रहे। इसी प्रक्रिया के तहत इस बार भी व्यापक निरीक्षण किया जा रहा है।
रोपवे सेवा बंद रहने के दौरान श्रद्धालुओं को पैदल मार्ग से मंदिर तक पहुंचना होगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
मेंटेनेंस कार्य के दौरान ब्रिडकुल के अधिकृत अधिकारी भी रोपवे का निरीक्षण करेंगे। सभी तकनीकी परीक्षण सफल होने और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही दोनों रोपवे का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा।