टिहरी: चौरास में सरकारी भूमि से हटाया गया अतिक्रमण, कानूनगो चौकी के लिए खाली कराई जमीन
टिहरी गढ़वाल: जनपद के कीर्तिनगर तहसील अंतर्गत चौरास क्षेत्र में जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। यह भूमि कानूनगो चौकी के लिए चिन्हित की गई है, जिस पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा था।
उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट के नेतृत्व में तहसील प्रशासन, राजस्व विभाग, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार संबंधित व्यक्ति को पहले नोटिस जारी कर 15 दिनों का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में न तो निर्माण रोका गया और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
करीब दो घंटे चली कार्रवाई के बाद सरकारी भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया। अब इस भूमि का उपयोग कानूनगो चौकी की स्थापना के लिए किया जाएगा।