वैली ऑफ फ्लावर्स में पर्यटन ने पकड़ी रफ्तार, रिकॉर्ड बुकिंग से कारोबारियों में उत्साह
विश्व धरोहर के रूप में प्रसिद्ध वैली ऑफ फ्लावर्स इन दिनों अपने सबसे खूबसूरत स्वरूप में नजर आ रही है। मानसून के मौसम में घाटी रंग-बिरंगे फूलों से सज चुकी है, जिसे देखने के लिए हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। इस बार पर्यटकों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक बताई जा रही है।
पार्क प्रशासन की बेहतर योजना और सुव्यवस्थित प्रबंधन के कारण पर्यटकों को प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही। परमिट जारी करने की व्यवस्था को सरल बनाया गया है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो गई है।
पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए घाटी में लगे सूचना बोर्ड आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से दुर्लभ हिमालयी पौधों, उनकी प्रजातियों और वैज्ञानिक नामों की जानकारी दी जा रही है। इससे छात्रों और प्रकृति प्रेमियों को भी लाभ मिल रहा है।
घाटी के प्रवेश क्षेत्र में ऐतिहासिक महत्व से जुड़े सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं। इनमें फ्रैंक स्माइथ और जोन मार्गरेट लेगी के योगदान का उल्लेख किया गया है, जिसे विदेशी पर्यटक भी काफी रुचि से देख रहे हैं।
ईडीसी भ्यूंडार के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, घांघरिया में 20 अगस्त तक अधिकांश होटल और लॉज की बुकिंग पूरी हो चुकी है। बढ़ती पर्यटक संख्या से स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के नए अवसर मिल रहे हैं।